हल्द्वानी: सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी की 359वीं जयंती के अवसर पर हल्द्वानी में सिख समाज द्वारा भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इस नगर कीर्तन के माध्यम से प्रेम, भाईचारे और धर्म के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। नगर कीर्तन की शुरुआत रामलीला के पास स्थित गुरुद्वारे से हुई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाला गया। इस दौरान पंच प्यारे नगर कीर्तन का नेतृत्व करते नजर आए। कीर्तन जत्थों द्वारा गुरु वाणी का गायन किया गया, वहीं गतका के प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया।

यह देखिए वीडियो..
नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग शामिल हुए। श्रद्धालु गुरु गोविंद सिंह जी के बताए मार्ग सत्य, साहस और मानवता पर चलने का संदेश देते नजर आए। जगह-जगह संगत के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई।इस दौरान सिख समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित रहा है और नगर कीर्तन उसी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। नगर कीर्तन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज को लाइक और फॉलो करें
