हल्दूचौड़/लालकुआं। ब्लैकमेलिंग से जुड़ी विवाहिता की आत्महत्या के मामले का लालकुआं पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और भेजने में किए जाने का आरोप है। मामले में नामजद दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू निवासी एक महिला ने छह अगस्त 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद निवासी मुक्तेश्वर की तहरीर पर थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था। आरोप है कि आशिक अली ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के माध्यम से मृतका को ब्लैकमेल किया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
तहरीर में साहिब अली और देवेश गंगवार पर मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में थाना लालकुआं में मुकदमा संख्या 146/2026, धारा 108 और 351(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी आशिक अली निवासी बेरमनगर, बरेली, हाल गुमटी हल्दूचौड़ को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
साहिब अली और देवेश गंगवार की भूमिका तथा धमकी से जुड़े आरोपों की जांच जारी है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कुबेर सिंह शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज को लाइक और फॉलो करें
