हल्द्वानी: पाल कॉलेज ऑफ टेक्नॉलजी एण्ड मैनेजमेंट हल्द्वानी में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन शनिवार को बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कॉलेज परिसर में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए, जिन्होंने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महंत महादेव महाराज, विशिष्ट अतिथि डॉ सुभाष चंद्रा (इंजीनियर), कर्नल जी. एस. दानू, तनुजा जोशी (सामाजिक कार्यकर्ता) ने दीप प्रज्वलन किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन नारायण पाल, सचिव कामनी पाल, एम. डी. निर्भय पाल, सी.ई.ओ अतुल पाल, शिवांगी पाल एवं भानु बिष्ट ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
यह देखिए वीडियो..
मुख्य अतिथि महंत महादेव महाराज एवं डॉ सुभाष चंद्रा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
कॉलेज के चेयरमैन नारायण पाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह कार्यक्रम “विविधता में एकता का प्रतीक है तथा छात्रों के समग्र विकास के लिए इस प्रकार के आयोजनों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए। साथ ही किताब कौतिक, मोटरबाइक, सुजुकी मोटरसाइकिल, हल्दौनी फास्ट फूड आदि के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं। सभी विभागों के छात्रों ने संगीत एवं नृत्य के माध्यम से समां बांध दिया। इसके पश्चात मुख्य कलाकार ध्रुव पांडे, वैशाली सक्सेना एवं नवीन पाठक ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का समापन होली उत्सव की प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने भाईचारे और एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर चेयरमैन श्री नारायण पाल जी द्वारा पूर्व में आयोजित शैक्षिक एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. डी. के. गोयल, सभी विभागों के शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम उत्साह, आनंद और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज को लाइक और फॉलो करें
