ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी: थाना बनभूलपुरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास से एक बर्खास्त बुजुर्ग टीचर के घर से दो अवैध तमंचे और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद जिन्दा कारतूस प्रतिबंधित AK-47 के बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर प्रतिबंधित कारतूस कहां से प्राप्त किए और उसका उद्देश्य क्या था जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी मोबिन खान के पास से 315 बोर का तमंचा 2 कारतूस, 12 बोर का तमंचा 4 कारतूस और 7.62 एमएम का एक कारतूस (AK-47 में प्रयुक्त) और 7.65 एमएम के 10 कारतूस बरामद हुए। पुलिस की तलाशी में हथियार अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे गए थे।

यह देखिए वीडियो…

इधर, बनभूलपुरा थाना प्रभारी दिनेश फर्त्याल ने बताया कि बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 24 फरवरी को सुनवाई प्रस्तावित है। इससे पहले एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में इलाके में कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति के घर पर छापा मारा। और अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 3/25 आर्म्स एक्ट और 7/25 (1क) आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।