ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड: उत्तराखंड के प्राकृतिक एवं पारंपरिक उत्पादों को देशभर में पहचान दिलाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हिलप्योर ऑर्गेनिक, हल्द्वानी की संस्थापक प्रीति राजपूत को वर्ष 2025-26 के राज्य स्तरीय लघु उद्यम प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 7 अगस्त 2026 को देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास, न्यू कैंट में आयोजित 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदान किया गया।

प्रीति राजपूत को यह सम्मान उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के प्राकृतिक एवं पारंपरिक उत्पादों को देशभर के बाजारों तक पहुंचाने, स्थानीय महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा राज्य के स्थानीय उत्पादों को आधुनिक बाजार उपलब्ध कराने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
हिलप्योर ऑर्गेनिक के माध्यम से हिमालयी शहद, कोल्ड-प्रेस्ड तेल, मोटे अनाज यानी मिलेट्स, पहाड़ी दालें, हर्बल चाय, मसाले, अचार, जैम, स्क्वैश सहित विभिन्न प्राकृतिक एवं पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य स्थानीय किसानों की आय बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और उत्तराखंड के प्राकृतिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद प्रीति राजपूत ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि उत्तराखंड के किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, उनकी पूरी टीम और उन सभी ग्राहकों का सम्मान है, जिन्होंने स्थानीय उत्पादों पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि हिलप्योर ऑर्गेनिक भविष्य में भी उत्तराखंड के पारंपरिक और प्राकृतिक उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।