धार्मिक नगरी की मांग पर गांव-गांव चलेगा जनजागरण अभियान
लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में हस्ताक्षर अभियान शुरू, मुख्यमंत्री को भेजेंगे मांगपत्र
उत्तरकाशी। मंदिरों की नगरी उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी का दर्जा दिलाने की मांग अब एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। वर्षों से शासन और सरकार के सामने उठ रही इस मांग को लेकर उत्तरकाशी मंदिर जीर्णोद्धार समिति ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित नहीं किया गया तो आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। इसके लिए केवल नगर तक सीमित न रहकर गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और आमजन को इस मांग से जोड़कर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
उत्तरकाशी मंदिर जीर्णोद्धार समिति के नेतृत्व में श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान धार्मिक नगरी घोषित कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रकाश बडोला ने कथा व्यास सूर्यकांत बलूनी से भेंट कर अभियान की जानकारी दी। महायज्ञ में पहुंचे श्रद्धालुओं और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर मांग का समर्थन किया। यह अभियान कथा के अंतिम दिन तक जारी रहेगा। इसके बाद एकत्रित सभी हस्ताक्षरों को मुख्यमंत्री को भेजकर उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी का दर्जा देने की मांग की जाएगी।
समिति का कहना है कि उत्तरकाशी केवल जिला मुख्यालय नहीं, बल्कि सदियों पुरानी धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र है। मां गंगा का पावन तट, प्राचीन मंदिर, धार्मिक परंपराएं और संत-महात्माओं की तपस्थली इस नगर को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। इसके बावजूद उत्तरकाशी को आज तक आधिकारिक रूप से धार्मिक नगरी का दर्जा नहीं मिल पाया है। समिति पिछले कई वर्षों से इस मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाने के साथ ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजती रही है। अष्टादश महापुराण के आयोजन के दौरान भी हस्ताक्षर और पोस्टकार्ड अभियान के माध्यम से सरकार तक जनभावनाएं पहुंचाई गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रकाश बडोला ने कहा कि उत्तरकाशी की धार्मिक पहचान को सरकारी मान्यता दिलाना समिति का वर्षों पुराना संकल्प है। अब इस मांग को लेकर गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। आम नागरिकों को जागरूक कर आंदोलन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित नहीं किया तो आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद नौटियाल ने कहा कि उत्तरकाशी की पहचान यहां के प्राचीन मंदिरों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ी है। धार्मिक नगरी का दर्जा मिलने से पौराणिक मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को नई दिशा मिल सकेगी। सरकार को इस विरासत के महत्व को समझते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए।
लक्ष्मी नारायण चमोली ने कहा कि उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित करने की मांग केवल नगर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और पहचान से जुड़ी है। इसके लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और हस्ताक्षर अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि सरकार तक जनभावनाएं प्रभावी ढंग से पहुंच सकें।
विजय प्रकाश भट्ट ने कहा कि धार्मिक नगरी का दर्जा मिलने से उत्तरकाशी की पहचान प्रदेश और देश में और अधिक स्थापित होगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। सरकार को इस मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
दिनेश उनियाल ने कहा कि उत्तरकाशी में गंगा तट, प्राचीन देवालय और धार्मिक परंपराएं इसकी विशिष्ट पहचान हैं। सरकार को हरिद्वार और ऋषिकेश की तर्ज पर यहां भी धार्मिक नगरी के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित करनी चाहिए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और आमजन को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
भूपेश कुड़ियाल ने कहा कि धार्मिक नगरी का दर्जा मिलने से नगर की धार्मिक मर्यादा, गंगा घाटों की स्वच्छता, मंदिरों के संरक्षण और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा। यह केवल दर्जे की मांग नहीं, बल्कि उत्तरकाशी की सांस्कृतिक विरासत और भविष्य से जुड़ा विषय है।
वहीं नगर पालिका परिषद उत्तरकाशी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि नगर पालिका बोर्ड की बैठक में उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित करने का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि नगर की धार्मिक पहचान और जनता की भावनाओं को देखते हुए शासन स्तर पर इस प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों और विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने भी मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यदि सरकार ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी का दर्जा नहीं दिया तो चुनाव बहिष्कार के लिए व्यापक जनजागरण किया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव बैठकों और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ने की तैयारी है।
श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान जिला व्यापार मंडल और मंदिर समिति की ओर से मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता का संदेश देने के उद्देश्य से एक सप्ताह तक विशेष गंगा आरती का आयोजन भी किया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों के साथ उत्तरकाशी की आध्यात्मिक पहचान को संरक्षित करने और उसे सरकारी मान्यता दिलाने की मांग को भी अभियान से जोड़ा गया है।
हस्ताक्षर अभियान में पूर्व राज्य मंत्री घनानंद नौटियाल, जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह रावत, आचार्य डॉ. माधव प्रसाद सेमल, डॉ. मुरली मनोहर भट्ट, गायत्री परिवार की मीना नौटियाल, राष्ट्रीय श्रीराम सेवादल के जितेंद्र चौहान, किरण पवार, कमलेश्वरी भंडारी, उषा भट्ट, राजेंद्र व्यास, प्रताप सिंह राणा, बुद्धि प्रसाद नौटियाल, पंडित गोपाल प्रसाद नौटियाल, आलोक सेमवाल, विश्व हिंदू परिषद के जिला सेवा प्रमुख मानसिंह रावत, समरसता प्रमुख राकेश रमोला, उत्तरकाशी मंदिर जीर्णोद्धार समिति के डॉ. देवानंद गैरोला, पंडित चंद्रशेखर नौटियाल, गंगा मंदिर समिति की पुष्पा पवार तथा गंगा भजन-कीर्तन मंडली की ममता मिश्रा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर समर्थन दिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज को लाइक और फॉलो करें
